Gwalior के बड़ागांव खुरैरी इलाके में मंगलवार रात पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। मामूली विवाद के बाद पड़ोसियों ने छत पर चढ़कर फायरिंग कर दी। इस घटना में 50 वर्षीय रमेश उर्फ पप्पू कुशवाह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे घायल हो गए।
रमेश अपनी बहन के घर शादी में ‘भात’ देने जाने वाले थे। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही देर में सब मातम में बदल गया।
बाजार से लौटते समय हुआ विवाद
परिवार के अनुसार रमेश बाजार से शादी का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पिछले 5 साल से विवाद चल रहा था।
देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और आरोपी पक्ष के लोग छत पर चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने नीचे खड़े कुशवाह परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
घर के दरवाजे पर गिर पड़े रमेश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। जान बचाने के लिए रमेश अपने घर की ओर भागे, लेकिन दरवाजे तक पहुंचते ही गोली लगने से गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बीच-बचाव करने आई पत्नी पुष्पा और बेटे अनिल व रवि भी गोली के छर्रों से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
शादी वाले घर में छाया मातम
जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। बुधवार को एक तरफ भांजी की डोली उठी, तो दूसरी तरफ मामा की चिता जली। इस दर्दनाक घटना से पूरा मोहल्ला सदमे में है।

आरोपी परिवार फरार, पुलिस तैनात
घटना के बाद आरोपी परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों के घरों पर ताले लगे हैं।
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि मामले में एक आरोपी अनार सिंह पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
