IIIT नया रायपुर के हॉस्टल परिसर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक छात्र बनकर हॉस्टल में घुसा और महज 20 मिनट के भीतर 10 लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
स्टूडेंट बनकर हॉस्टल में घुसा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल प्रबंधन की ओर से संदीप कुमार तिवारी (45) ने राखी थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया कि 11 मई को एक अज्ञात युवक छात्र की तरह हॉस्टल परिसर में दाखिल हुआ। उसकी एंट्री इतनी सामान्य थी कि किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
CCTV फुटेज में आरोपी हॉस्टल के कमरों के आसपास आराम से घूमता दिखाई दे रहा है। उसने अलग-अलग कमरों से करीब 10 लैपटॉप चोरी किए। चोरी हुए लैपटॉप की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मुख्य गेट तक पहुंचा और वहां मौजूद गार्ड को “हेलो” बोलते हुए आराम से बाहर निकल गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों का कहना है कि एक बाहरी व्यक्ति इतनी आसानी से हॉस्टल में घुस गया और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
राखी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

👉 छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
