स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूली बच्चों को बांटने के लिए लाए गए लड्डुओं में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। मामला धमनाई पंचायत के सोनगुड़ारिया गांव का है। यहां माध्यमिक स्कूल के बच्चों के लिए करीब 40 किलो लड्डू लाए गए थे।
लड्डू वितरण के दौरान करीब 8 साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वितरण रुकवा दिया और पुलिस को सूचना दी।
बच्चों को लड्डू खाने से रोका
ग्रामीणों के मुताबिक, शिकायत सामने आने तक लड्डुओं का वितरण शुरू हो चुका था। मामला सामने आने के बाद बच्चों को लड्डू खाने से रोक दिया गया। इस दौरान दो बच्चों के पेट में दर्द की शिकायत भी सामने आई।
मामले की जानकारी तहसीलदार और एसडीएम को दी गई, जिसके बाद खाद्य विभाग की टीम को भी कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।
दुकान से लड्डू जब्त, दुकान सील
शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम खजराना स्थित उस दुकान पर पहुंची, जहां से पंचायत ने लड्डू खरीदे थे। टीम ने दुकान से लड्डू जब्त किए और दुकान को सील करने की कार्रवाई की।
खाद्य विभाग ने लड्डुओं के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरपंच ने खरीदे थे 40 किलो लड्डू
धमनाई पंचायत के सरपंच सीताराम चौहान ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में बच्चों को बांटने के लिए करीब 40 किलो लड्डू खजराना स्थित योगेश शर्मा की दुकान से खरीदे गए थे।
वितरण के दौरान बच्चों ने लड्डुओं में कीड़े होने की शिकायत की, जिसके बाद तत्काल वितरण रोक दिया गया।
नायब तहसीलदार योगेश मेश्राम ने बताया कि शिकायत के बाद खाद्य विभाग को सूचना दी गई थी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लड्डू जब्त किए और दुकान सील कर दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



