मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। सांवेर रोड इलाके में कुत्ते ने डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टूडेंट्स, मरीज, सिक्योरिटी गार्ड और राहगीरों समेत 40 से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया। पीड़ितों में 16 से अधिक लोग अरबिंदो अस्पताल से जुड़े बताए जा रहे हैं।
घटना की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे अरबिंदो अस्पताल परिसर से हुई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कुत्ता पिछले हिस्से से अस्पताल में घुसा और सबसे पहले स्टाफ पर हमला किया। इसके बाद वह सांवेर रोड और आसपास के कई इलाकों में घूमता रहा और लोगों को काटता गया।
कई इलाकों में फैला दहशत का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्ता अरबिंदो अस्पताल से निकलकर रेवती रेंज, बरदरी गांव, एलएनसीटी कॉलेज, रेनेसा कॉलेज, नरसिंह मुंजी कॉलेज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच गया।
लगातार हो रहे हमलों के कारण इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों, छात्रों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। कई लोग अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं, जबकि अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
नगर निगम ने चलाया अभियान
घटना के बाद शनिवार को नगर निगम की दो टीमें अरबिंदो अस्पताल पहुंचीं और कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने घेराबंदी कर अब तक 23 कुत्तों को पकड़ा है।
हालांकि, वह कुत्ता अब तक पकड़ में नहीं आया है जिसने 40 से ज्यादा लोगों पर हमला किया था।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हमले में घायल लोगों का इलाज अरबिंदो अस्पताल और अन्य चिकित्सा संस्थानों में किया गया। सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन और जरूरी उपचार दिया गया।
इलाज कराने वालों में डॉ. स्मृति, डॉ. अक्षिता, सचिन राजपूत, अंजनी शर्मा, सीमा, शोभा, परिणीता, कुसुम, प्रणव गुप्ता, गोविंदा, विष्णु, अफसर, राजीव धाकड़ और आर्यन समेत कई लोग शामिल हैं।
रोज सामने आ रहे 200 डॉग बाइट केस
शहर में डॉग बाइट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शासकीय हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक (लाल अस्पताल) के प्रभारी डॉ. रुपेंद्र पटेल के मुताबिक, इंदौर में रोजाना करीब 200 लोग डॉग बाइट के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों और अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम से मांग की है कि हमला करने वाले कुत्ते को जल्द पकड़कर लोगों को राहत दी जाए।
इंदौर और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
