मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार सुबह इलेक्ट्रिक वाहनों के एक शोरूम में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले 6 परिवारों के करीब 20 लोग अंदर फंस गए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना लसूड़िया इलाके के खालसा चौक के पास सुबह करीब 7 बजे हुई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
धुएं से खुली लोगों की नींद
आग लगने के समय ऊपर बने फ्लैट्स में लोग सो रहे थे। शोरूम से उठते धुएं और सांस लेने में दिक्कत होने पर उनकी नींद खुली। नीचे देखा तो आग की तेज लपटें उठ रही थीं।
शोरूम के पास बनी सीढ़ियां आग की चपेट में आ गई थीं, जिसके कारण लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी बाहर आए और रेस्क्यू शुरू किया।

सीढ़ियों और रस्सियों के सहारे बचाई जान
स्थानीय लोगों ने पड़ोसी बिल्डिंग की छत से सीढ़ियां जोड़कर रास्ता बनाया। खिड़कियों और एंगल से रस्सियां बांधकर लोगों तक पहुंचाई गईं।
कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे दूसरी बिल्डिंग की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि आग फ्लैट्स तक नहीं पहुंची और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, शोरूम में खड़े सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।

एक घंटे में आग पर पाया काबू
फायर ब्रिगेड अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
शोर सुनकर जागे लोग
भानु सिंह और निशा सिंह, जो शिवपुरी के रहने वाले हैं, ने बताया कि वे गहरी नींद में थे। लोगों ने खिड़कियों पर पत्थर फेंककर उन्हें जगाया। इसके बाद वे बालकनी में पहुंचे और बाहर का नजारा देखकर घबरा गए।
वहीं बेंगलुरु निवासी चेतन, जो इंदौर में किराए के फ्लैट में रह रहे हैं, ने बताया कि वे भी शोर सुनकर जागे थे। हादसे के बाद कई लोग अपने परिचितों के यहां चले गए।
स्थानीय चौकीदार प्रवीण के मुताबिक, दुबई से आई एक फैमिली भी बिल्डिंग में ठहरी हुई थी। सुबह बारिश देखने के लिए उठे लोगों ने धुआं देखा और तुरंत सभी को अलर्ट किया।
इंदौर और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें
