इंदौर के गोराकुंड चौराहे के पास मंगलवार को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए गए काम पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। 24 घंटे पानी की सप्लाई के लिए बिछाई गई नई पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान अचानक पानी का दबाव बढ़ गया। इसके बाद सड़क का एक बड़ा हिस्सा फट गया।
घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में सड़क पर सामान्य आवाजाही के बीच अचानक जमीन के नीचे से तेज पानी निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के समय सड़क से कार, ऑटो और बाइक सवार गुजर रहे थे। अचानक हुए धमाके जैसे हालात से लोग घबरा गए और कुछ लोग अपने वाहन छोड़कर मौके से दूर भागते नजर आए।
पानी के दबाव से उखड़े डामर और पेवर ब्लॉक
पाइपलाइन से पानी का दबाव इतना अधिक था कि सड़क का डामर और पेवर ब्लॉक उखड़कर दूर जा गिरे। सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास पानी भर गया।
गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
टेस्टिंग के दौरान बढ़ा पानी का दबाव
जानकारी के अनुसार, गोराकुंड क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने के बाद इंजीनियर पानी छोड़कर उसकी टेस्टिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पाइपलाइन में पानी का दबाव बढ़ गया। इसके बाद पाइपलाइन में लीकेज हुआ और पानी सड़क को चीरते हुए बाहर निकल आया।
करीब 40 करोड़ की सड़क पर उठे सवाल
यह सड़क ‘एरिया बेस्ड डेवलपमेंट’ के तहत एमजी रोड और आसपास के इलाकों के विकास के लिए करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क को बने अभी तीन साल भी पूरे नहीं हुए हैं।
पहली ही पाइपलाइन टेस्टिंग के दौरान सड़क के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता और इस्तेमाल की गई सामग्री पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।


