Indore के महूनाका चौराहे पर शुक्रवार दोपहर भाजपा नेताओं और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
भाजपा के विधानसभा-4 प्रभारी वीरेंद्र शेडगे ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वीरेंद्र शेडगे मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चला रहे थे।
चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर महूनाका चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस हेलमेट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वीरेंद्र शेडगे दोपहिया वाहन से वहां से गुजर रहे थे।
बताया जा रहा है कि एक पुलिसकर्मी ने हाथ देकर उनकी बाइक रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बाइक नहीं रुकने पर पुलिसकर्मी ने चलती गाड़ी पर हाथ उठा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
वीरेंद्र शेडगे का आरोप है कि उन्हें रोकर थप्पड़ मारा गया। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
विरोध के बाद दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
मामला बढ़ने पर भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
विरोध बढ़ता देख यातायात विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक कॉन्स्टेबल शेखर और सूबेदार लक्ष्मी को निलंबित कर दिया। वहीं ट्रैफिक टीआई राधा यादव को कार्यालय अटैच किया गया है।

CCTV फुटेज की जांच जारी
एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चौराहे के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में वीरेंद्र शेडगे मोबाइल पर बात करते हुए नजर नहीं आए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया चक्काजाम
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने महूनाका चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हो गया।
सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
काफी देर तक मौके पर तनाव का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

अधिक जानकारी और ताजा अपडेट्स के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

