इंदौर में विमेंस वर्ल्ड कप खेलने आई ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अकील को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया। जानिए पूरी घटना।
इंदौर। क्रिकेट की दुनिया में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक शर्मनाक घटना इंदौर में सामने आई है। ICC Women’s Cricket World Cup 2025 खेलने आई ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला खिलाड़ियों के साथ खजराना रोड पर छेड़छाड़ की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई घटना
यह मामला गुरुवार सुबह करीब 11 बजे का है, जब दोनों खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू (Radisson Blu Indore) से पैदल ही ‘द नेबरहुड कैफे’ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक युवक ने बाइक से उनका पीछा किया और उनमें से एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ।
घटना के बाद दोनों खिलाड़ी घबरा गईं और उन्होंने तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज भेजा। उन्होंने अपनी लाइव लोकेशन भी शेयर की, जिसके बाद टीम के मेंबर सुमित चंद्रा ने मदद के लिए कार भेजी और दोनों खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल वापस लाया गया।
दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं और इस घटना के बाद टीम प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को औपचारिक शिकायत दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एमआईजी पुलिस ने सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
विजयनगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाड़िया थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान खजराना निवासी अकील के रूप में की।
शुक्रवार शाम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, अकील के खिलाफ पहले से भी आपराधिक केस दर्ज हैं और वह कुछ समय से आजाद नगर क्षेत्र में रह रहा था।
प्रशासन और क्रिकेट बोर्ड को सूचना
पुलिस ने घटना की पूरी जानकारी क्रिकेट बोर्ड (Cricket Australia) और जिला प्रशासन को दे दी है। सुरक्षा एजेंसियों ने होटल और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, “खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की घटना शहर की छवि को धूमिल करती है, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया है।”
वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की स्थिति
ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम इस समय शानदार प्रदर्शन कर रही है और सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि, उसका एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। टीम फिलहाल इंदौर में अपने आगामी मैचों की तैयारी में जुटी हुई थी।
यह घटना न केवल महिला सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि मध्पय प्ररदेश की साख पर भी धब्बा है।
ऐसे अपराधियों के खिलाफ त्वरित न्याय और कठोर सजा ही समाज को सही संदेश दे सकती है।


