IPL 2027 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा ट्रेड हुआ है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स का हिस्सा बन गए हैं। वहीं, पंजाब ने अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड किया है।
IPL की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हार्दिक पंड्या की फीस 16.35 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 18 करोड़ रुपए कर दी गई है। वहीं, अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपए की मौजूदा फीस पर ही मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं।
मुंबई के लिए 10 सीजन खेल चुके हैं हार्दिक
हार्दिक पंड्या ने 2015 से 2021 तक लगातार सात सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेले। इसके बाद वे 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस का हिस्सा रहे। IPL 2024 में उनकी मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और 2026 तक उन्होंने टीम के लिए तीन और सीजन खेले।
बताया गया है कि IPL 2026 के बाद हार्दिक खुद मुंबई इंडियंस छोड़ना चाहते थे। इस ट्रेड के साथ तीन साल में यह दूसरी बार है, जब उन्होंने ट्रेड के जरिए अपनी टीम बदली है।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन रहा उतार-चढ़ाव भरा
IPL 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ऑल-कैश डील के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी सौंपी गई। रोहित की अगुआई में मुंबई पांच बार IPL खिताब जीत चुकी थी।
हालांकि, हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम ने 2024 में अंक तालिका में आखिरी स्थान हासिल किया। 2025 में प्लेऑफ तक पहुंची, जबकि 2026 में नौवें स्थान पर रही।
वहीं, गुजरात टाइटंस के कप्तान के तौर पर हार्दिक का रिकॉर्ड बेहतर रहा था। उनकी कप्तानी में गुजरात ने 31 मैच खेले, जिनमें 22 में जीत और 9 में हार मिली।
पहली बार पंजाब के अलावा किसी दूसरी टीम से खेलेंगे अर्शदीप
अर्शदीप सिंह ने 2019 में पंजाब किंग्स के लिए IPL डेब्यू किया था। इसके बाद से वे लगातार इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे। अब मुंबई इंडियंस के साथ जुड़कर वे पहली बार किसी दूसरी टीम की जर्सी में नजर आएंगे।
अर्शदीप ने IPL में अब तक 96 मैच खेले हैं और 111 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.18 रही है। पंजाब किंग्स के पास भारतीय तेज गेंदबाजों के तौर पर यश ठाकुर और विजयकुमार वैशाक भी मौजूद हैं।










































