मध्य प्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी आईसीपी केशरी के बेटे सुयश केशरी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमों के उल्लंघन को लेकर विवादों में आ गए हैं। आरोप है कि उन्होंने टाइगर रिजर्व के नो एंट्री जोन में प्रवेश कर वन प्रबंधन के नियमों का उल्लंघन किया। मामले में सुयश केशरी, वाहन चालक और गाइड निखिल सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
बताया गया है कि सुयश केशरी अपने विदेशी मित्रों को टाइगर रिजर्व क्षेत्र में भ्रमण कराने के लिए खुद वाहन चलाते हैं। इसी दौरान 9 नवंबर की शाम वे निखिल सिंह के साथ पर्यटकों को लेकर पनपथा बफर जोन में पार्क भ्रमण के लिए पहुंचे थे।
तय पर्यटन मार्ग से हटकर वन क्षेत्र में पहुंचा वाहन
मामले में जारी नोटिस के अनुसार, सहायक संचालक ताला के निरीक्षण के दौरान सुयश केशरी का वाहन निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर वन क्षेत्र में पाया गया। जांच में सामने आया कि सुयश केशरी और गाइड निखिल सिंह ने पर्यटन नियमों तथा पार्क प्रबंधन की ओर से जारी निर्देशों का पालन नहीं किया।
वन प्रबंधन ने इस मामले को नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है।










































