जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कूड़न गांव के पास तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार खैरी गांव निवासी वीरेंद्र भूमिया (40) और नरेश भूमिया (42) देर रात करीब 2 बजे जबलपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कूड़न गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हेरियर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में वीरेंद्र भूमिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल तड़पता रहा, मदद को आगे नहीं आए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से मदद की अपील की, लेकिन काफी देर तक कोई तैयार नहीं हुआ। आखिरकार पुलिसकर्मियों ने खुद घायल नरेश को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
10 मिनट पहले घर पहुंचने की कही थी बात
मृतक वीरेंद्र के पिता ने बताया कि हादसे से करीब 10 मिनट पहले बेटे से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने कहा था कि वह जल्द ही घर पहुंचने वाला है। परिवार उसके इंतजार में था, लेकिन कुछ देर बाद दुर्घटना की दुखद सूचना मिली।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार दोनों युवक निजी वाहन चलाने का काम करते थे और रोजी-रोटी के लिए अक्सर जबलपुर आते-जाते रहते थे। दोनों शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे हैं।
एक ही हादसे में दो परिवारों के सहारे छिन जाने से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार जब्त, आरोपी चालक की तलाश जारी
भेड़ाघाट थाने में पदस्थ एएसआई तेजराम ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल हेरियर कार को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
