मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खजरी खिरिया क्षेत्र में बिजली लाइन सुधारने के दौरान 51 वर्षीय ठेका कर्मचारी रंजीत कोरी की खंभे से गिरकर मौत हो गई।
यह हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ, जब वे करीब 30 फीट ऊंचे खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक लाइन चालू हो गई, जिससे रंजीत को तेज करंट लगा और वे सीधे नीचे गिर पड़े। साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सड़क पर उतरे परिजन, किया चक्काजाम
शनिवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने अमखेरा-खजरी खिरिया रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई, उचित मुआवजा और मृतक के बेटे को नौकरी नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
विभाग पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब कर्मचारी खंभे पर काम कर रहा था, तो बिना सूचना के लाइन कैसे चालू की गई?
बिना सेफ्टी उपकरण चढ़े थे खंभे पर
जानकारी के अनुसार, रंजीत अपने साथियों के साथ फॉल्ट ठीक करने पहुंचे थे। पहले उन्होंने अन्य कर्मचारियों से खंभे पर चढ़ने को कहा, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इसके बाद वे खुद बिना ग्लव्स और सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ गए और हादसे का शिकार हो गए।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मुआवजा और नौकरी का आश्वासन
बिजली विभाग के सीई संजय अरोरा ने बताया कि मृतक के बेटे को नौकरी दी जाएगी। साथ ही कंपनी की ओर से 5 लाख रुपये और बीमा कंपनी की तरफ से 4 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है।
हादसे की वजह पर विभाग का बयान
विभाग के अनुसार, रंजीत ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करने के लिए चढ़े थे, लेकिन रस्सी के झूले का हुक ठीक से नहीं फंस पाया, जिससे वे सिर के बल नीचे गिर गए और गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
👉 ऐसी ही और खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com

