जबलपुर के गोहलपुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात एक युवक गोहलपुर क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर घाव हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले के बाद युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने मानवता दिखाते हुए उसे तुरंत विक्टोरिया जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया और उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अब तक नहीं
गोहलपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है, ताकि युवक के परिजनों का पता लगाया जा सके।
कुत्ता आवारा था या पालतू, जांच जारी
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला करने वाला कुत्ता वास्तव में आवारा था या किसी व्यक्ति का पालतू कुत्ता, जिसे खुले में छोड़ दिया गया था। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताई है। रहवासियों का कहना है कि कई इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com

