कांकेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर में ही प्रिंटर और स्कैनर की मदद से 500-500 रुपए के नकली नोट छाप रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से नकली नोटों के अलावा प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर भी जब्त किए हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलis को सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपए के कई नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में नकली नोट छापने लगा।
5-6 महीने से घर में छाप रहा था नोट
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 5 से 6 महीनों से घर में ही नकली नोट तैयार कर रहा था। इसके लिए वह प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर का इस्तेमाल करता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह नशे का आदी है और आर्थिक तंगी के कारण इस रास्ते पर चला गया।

पुलिस कर रही गिरोह की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।
इसके अलावा एक्सपर्ट की मदद से यह भी जांच की जाएगी कि नकली नोट असली नोटों की सुरक्षा तकनीक के कितने करीब थे।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी इन नकली नोटों को कहां खपाने की तैयारी में था और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कांकेर पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
👉 छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
