Monsoon 2026 : देशभर में लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं, लेकिन मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है। सैटेलाइट तस्वीरों में भारत के ऊपर मानसूनी बादल काफी कम दिखाई दे रहे हैं, जिससे कई राज्यों में बारिश का इंतजार लंबा हो गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य से करीब 64% कम बारिश दर्ज की गई है।
मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत करीब 16 राज्यों में लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कई इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
क्यों कमजोर पड़ा मानसून?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में फिलहाल कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसी वजह से मानसूनी हवाओं की गति धीमी हो गई है। सैटेलाइट इमेज में भी देश के बड़े हिस्से में बादलों की कमी साफ नजर आ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। यदि समुद्र में नया सिस्टम बनता है तो मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है और कई राज्यों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
