MP की राजनीति में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम तेजी से चर्चा में है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस नए नाम को लेकर बहस छिड़ी हुई है। विपक्ष का कहना है कि यह सिर्फ एक मजाक या ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं के अंदर बढ़ते गुस्से और सिस्टम के प्रति नाराजगी का प्रतीक बनता जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि यह एक दिन का गुस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि नीट, व्यापमं और भर्ती परीक्षाओं में हुए कथित घोटालों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। लगातार पेपर लीक, भर्ती में देरी और बेरोजगारी ने छात्रों और युवाओं को निराश किया है, जिसका असर अब अलग-अलग तरीकों से दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा नाम
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर सोशल मीडिया पर मीम्स, पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई युवा इसे व्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बता रहे हैं। वहीं राजनीतिक दल भी इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
विपक्ष का आरोप है कि सरकार युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही। उनका कहना है कि बार-बार भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पारदर्शिता की कमी से युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
NEET और व्यापमं का फिर उठा मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के युवा लंबे समय से परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने व्यापमं घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना ने लाखों युवाओं के सपनों को प्रभावित किया था। अब NEET परीक्षा को लेकर उठे सवालों ने छात्रों की चिंता और बढ़ा दी है।
उनका कहना है कि जब मेहनत करने वाले छात्रों को सिस्टम पर भरोसा नहीं रहेगा, तो ऐसे विरोध सामने आते रहेंगे।
