MP की राजनीति में एक नया और अनोखा नाम सामने आया है। “कॉकरोच पार्टी” ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को जनता की आवाज बताते हुए सिस्टम के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का दावा किया। पार्टी के सदस्यों का कहना है कि यह सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि उन लोगों की लड़ाई है जो लंबे समय से भ्रष्ट और शिथिल व्यवस्था से परेशान हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी से जुड़े युवाओं ने कहा कि देश में शिक्षा, रोजगार और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन आम लोगों की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है। खास बात यह रही कि NEET पेपर लीक से प्रभावित कुछ युवा भी इस पार्टी के साथ नजर आए। उनका कहना था कि मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और अब युवाओं को खुद आगे आकर बदलाव की लड़ाई लड़नी होगी।
पार्टी के प्रतिनिधियों ने कहा कि “कॉकरोच” नाम प्रतीक है उस संघर्ष का, जो हर मुश्किल हालात में भी खत्म नहीं होता। उनका दावा है कि वे आम जनता, छात्रों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
भोपाल में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सोशल मीडिया पर भी “कॉकरोच पार्टी” को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे सिस्टम के खिलाफ नई आवाज बता रहे हैं, तो कुछ इसे अलग तरह की राजनीतिक पहल मान रहे हैं।
