चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में अगले आईपीएल सीजन से पहले बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी महेंद्र सिंह धोनी को टीम का नया मेंटर बनाने पर विचार कर रही है। यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब लंबे समय तक टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने 18 साल बाद फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है।
सूत्रों के अनुसार, CSK प्रबंधन धोनी को मेंटर की जिम्मेदारी सौंपना चाहता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला उनकी सहमति के बाद ही लिया जाएगा।
खिलाड़ी के रूप में जारी रखना चाहें तो होगा सम्मान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि महेंद्र सिंह धोनी खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़े रहना चाहते हैं, तो फ्रेंचाइजी उनके फैसले का पूरा सम्मान करेगी।
पिछले आईपीएल सीजन में घुटने की चोट के कारण धोनी एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। ऐसे में अब उनके भविष्य को लेकर सभी की नजरें CSK प्रबंधन के फैसले पर टिकी हैं।
कप्तानी में भी हो सकता है बदलाव
चेन्नई सुपर किंग्स नए कप्तान की तलाश भी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, संजू सैमसन इस जिम्मेदारी के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम की कप्तानी संभाली थी, लेकिन खराब प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी नेतृत्व में बदलाव पर विचार कर रही है।
IPL के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। वह लीग में 100 मैच जीतने वाले पहले और इकलौते कप्तान हैं।
धोनी ने अब तक 226 आईपीएल मैचों में कप्तानी की है, जो किसी भी कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा है। इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है।
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2023 में अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता था। कप्तान के रूप में उन्होंने टीम को 133 जीत दिलाई, जबकि 91 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अब तक 278 मुकाबले खेले हैं।
उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 38.30 रहा और उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए। विकेटकीपर के तौर पर उनके नाम 47 स्टंपिंग और 158 कैच भी दर्ज हैं।
खराब प्रदर्शन के बाद बदलाव की तैयारी
CSK ने अपना आखिरी आईपीएल खिताब वर्ष 2023 में जीता था। इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया।
- 2024: पांचवें स्थान पर रही।
- 2025: अंक तालिका में आखिरी स्थान पर पहुंच गई।
- 2026: आठवें स्थान पर रहकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी।
लगातार खराब प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी टीम प्रबंधन में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रही है।
18 साल बाद स्टीफन फ्लेमिंग की विदाई
सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि स्टीफन फ्लेमिंग अब टीम के हेड कोच नहीं रहेंगे।
फ्लेमिंग वर्ष 2009 से इस जिम्मेदारी में थे और उनकी कोचिंग में CSK ने पांच आईपीएल खिताब अपने नाम किए। फ्रेंचाइजी ने बताया कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से यह फैसला लिया गया है।
हेमंग बदानी भी नए कोच की दौड़ में
सूत्रों के अनुसार, टीम प्रबंधन अगले कुछ महीनों में घरेलू क्रिकेट पर भी नजर रखेगा और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगा।
इसके बाद नए हेड कोच, कप्तान और टीम से जुड़े अन्य अहम फैसले लिए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमंग बदानी का नाम भी CSK के नए हेड कोच की रेस में शामिल है।
क्रिकेट और खेल जगत की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com

