छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, अवैध उगाही और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कारोबारी जयंत चौधरी के अनुसार, दोनों युवतियों ने धोखे से उनकी फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद कथित तौर पर मामला सार्वजनिक नहीं करने के बदले बड़ी रकम की मांग की गई।
कारोबारी का आरोप है कि बदनामी के डर से उन्होंने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए। इसके बावजूद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रहा।
शिकायत के मुताबिक, 1 जुलाई को दोनों युवतियां कारोबारी के कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं और कार में रखे पैसों से भरे बैग तक पहुंचने की कोशिश की। वहीं 10 जुलाई को वे कार्यालय पहुंचीं और कर्मचारियों के सामने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए दोबारा पैसे नहीं देने पर रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
