रायपुर में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान में रेत और बोल्डर का अवैध परिवहन कर रहे 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा और तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे जरूरी कागजात पेश नहीं कर सके।
वाहनों को पुलिस की सुपुर्दगी में सौंपा गया
दस्तावेज नहीं मिलने पर सभी वाहनों को अवैध खनिज परिवहन की श्रेणी में मानते हुए तुरंत जब्त कर लिया गया। कार्रवाई पूरी करने के बाद वाहनों को उपरवारा थाना और माना थाना पुलिस की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान लगातार जारी रहेगा
खनिज विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश और देश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com

