राजधानी रायपुर के चूनाभट्टी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान बिट्टू के रूप में
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। मामला गंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
गुरुवार दोपहर चूनाभट्टी इलाके के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हादसा या हत्या? पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या फिर उसके साथ मारपीट की गई थी।
शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
छत्तीसगढ़ और देश की हर बड़ी खबर के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
