सीकर के रींगस शहर में मंगलवार सुबह इनकम टैक्स विभाग की टीम ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) विनय जोशी के घर छापेमारी की। टीम सुबह करीब 5 बजे यूपी नंबर की तीन गाड़ियों से खेमकों का मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 27 में पहुंची। करीब 15 अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई में शामिल बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए रींगस पुलिस का जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा। टीम के घर में प्रवेश करने के बाद आयकर विभाग की कार्रवाई शुरू की गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से हुई बहस
छापेमारी के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच कहासुनी भी हो गई। जानकारी के अनुसार, सीए विनय जोशी के परिवार में विनोद कुमार जोशी होमगार्ड में हैं। सुबह जब उन्होंने घर में अचानक अधिकारियों को प्रवेश करते देखा तो उन्हें रोकने की कोशिश की।
इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोग भी मौके पर जमा हो गए। अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बहस होने लगी। स्थिति को देखते हुए टीम के सदस्यों ने अपने आई कार्ड दिखाकर पहचान बताई, जिसके बाद मामला शांत हुआ और कार्रवाई आगे बढ़ी।
आगरा से पहुंची टीम की जानकारी
बताया जा रहा है कि कार्रवाई में इनकम टैक्स विभाग आगरा के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीम तीन वाहनों से रींगस पहुंची थी। पुलिस की मौजूदगी में घर के अंदर आयकर विभाग की जांच जारी है।
कार्रवाई से व्यापारियों में भी हलचल
इनकम टैक्स विभाग की टीम के पहुंचने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा होने लगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी किस मामले में और किन दस्तावेजों या वित्तीय लेन-देन से संबंधित है।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई को लेकर जानकारी देने से इनकार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की जानकारी सामने आ सकती है।


