मध्यप्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर में रविवार देर रात एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि घर से उठती लपटें और धुआं देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
3 घंटे तक चला राहत कार्य
फायर फाइटर्स ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक, जैसीनगर में सेंट्रल बैंक के सामने रहने वाले गोपाल प्रजापति अपने परिवार के साथ रात में खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान देर रात अचानक उनके कच्चे मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।
घर का सारा सामान जलकर राख
आगजनी में घर में रखा अनाज, वॉशिंग मशीन, पानी की मोटर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। मकान के पास ही जूतों की दुकान भी थी। आग बढ़ती देख स्थानीय लोगों ने समय रहते दुकान का सामान बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

बड़ा हादसा टला
स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। यदि आग और फैलती तो आसपास के मकानों और दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
प्रशासन ने किया नुकसान का आंकलन
सोमवार को पटवारी संदीप कुमार प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आगजनी से हुए नुकसान का पंचनामा बनाया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
तहसीलदार Prem Narayan Singh ने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com Portal के साथ।


