सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग के बाएं कंधे के पास चाकू घोंप दिया, जो शरीर में ही धंस गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल बुजुर्ग कंधे में चाकू फंसे होने के बावजूद सड़क पर पैदल चलते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात की है। वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या करीब पांच थी। बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। जब बुजुर्ग ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया।
घायल बुजुर्ग को लहूलुहान हालत में सड़क पर चलते देख राहगीरों ने मदद की। लोगों ने तुरंत उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित बड़ी माता मंदिर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मोतीनगर पुलिस अलर्ट हो गई है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
प्रदेश और देश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें www.deshharpal.com
