नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में भाजपा कार्यकर्ता और ढाबा संचालक सचिन राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार इस सनसनीखेज हत्याकांड का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि सचिन का मुंहबोला जीजा योगेंद्र उर्फ योगी गुर्जर निकला। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया है।
मोबाइल लोकेशन से मिला शव
पुलिस के मुताबिक सचिन राजपूत महुआ गांव के पास पिपरिया रोड स्थित अपना ढाबा संचालित करता था। 17 जून की रात वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो रानी पिपरिया नहर क्षेत्र में मिली।
रात करीब 3 बजे पुलिस ने नहर की पुलिया के पास से सचिन का खून से लथपथ शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में उसके सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई।

सीसीटीवी फुटेज से खुली हत्या की गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी योगेंद्र गुर्जर ढाबे पर पहुंचता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आरोपी सचिन को बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके की ओर ले गया।
आरोप है कि नहर की पुलिया के पास पहुंचने के बाद आरोपी ने सचिन के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी योगेंद्र को अपनी पत्नी और सचिन के संबंधों को लेकर संदेह था। इसी शक के चलते उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के विरोध में हुआ चक्काजाम
हत्याकांड की खबर फैलते ही सोहागपुर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

क्षेत्र में सक्रिय था सचिन राजपूत
सचिन राजपूत क्षेत्र में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते थे। वे सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और हर साल युवाओं के लिए विधायक ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराते थे।
पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, बाइक, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है।

अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
