अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने अपनी नई किताब के जरिए एक बार फिर डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अपने राजनीतिक रिश्तों और व्हाइट हाउस के अनुभवों को सामने रखा है। उनकी किताब Promise Me, America में ट्रम्प का करीब 200 बार जिक्र किया गया है। इसमें Joe Biden ने 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद (Capitol) पर हुए हमले के लिए ट्रम्प को जिम्मेदार ठहराया है। इतना ही नहीं, उन्होंने ट्रम्प का वह निजी हस्तलिखित पत्र भी सार्वजनिक कर दिया है, जो ट्रम्प ने जनवरी 2021 में राष्ट्रपति पद छोड़ते समय उनके लिए व्हाइट हाउस में छोड़ा था। 17 नवंबर को रिलीज हुई इस किताब में सिर्फ ट्रम्प की आलोचना ही नहीं, बल्कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव, कमला हैरिस, डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं, अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी और इजरायल-हमास संघर्ष जैसे कई अहम मुद्दों पर भी बाइडेन ने अपने अनुभव साझा किए हैं। किताब में 200 बार क्यों आया Donald Trump का नाम? Biden की करीब 480 पन्नों की किताब में डोनाल्ड ट्रम्प सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले नेताओं में शामिल हैं। किताब में उनका नाम लगभग 200 बार आया है। इसके मुकाबले कमला हैरिस और नैन्सी पेलोसी जैसे दूसरे प्रमुख नेताओं का जिक्र कम हुआ है। बाइडेन ने अपनी सरकार के फैसलों की तुलना ट्रम्प की नीतियों से की है। इसमें 2020 के राष्ट्रपति चुनाव, अमेरिकी अर्थव्यवस्था, NATO, विदेश नीति और ट्रम्प की दोबारा व्हाइट हाउस में वापसी जैसे विषय शामिल हैं। किताब की शुरुआत भी 6 जनवरी 2021 की घटना से होती है। बाइडेन के मुताबिक, ट्रम्प के पहले कार्यकाल के आखिरी दिनों में हुई इस घटना ने अमेरिकी लोकतंत्र और सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। Capitol Attack पर ट्रम्प को ठहराया जिम्मेदार 6 जनवरी 2021 को ट्रम्प समर्थकों की भीड़ ने अमेरिकी संसद परिसर में प्रवेश कर लिया था। उस समय कांग्रेस 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन की जीत को औपचारिक रूप से प्रमाणित करने की प्रक्रिया पूरी कर रही थी। बाइडेन ने अपनी किताब में लिखा है कि ट्रम्प ने चुनाव में हार स्वीकार नहीं की और सत्ता में बने रहने की कोशिश की। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया। बाइडेन ने लिखा कि ट्रम्प ने विद्रोह का नेतृत्व किया था और इस घटना को कभी भुलाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जनवरी 2025 में व्हाइट हाउस लौटने के बाद ट्रम्प ने इस मामले में दोषी ठहराए गए लोगों को माफी क्यों दी। ट्रम्प ने 6 जनवरी की घटना से जुड़े 1,500 से ज्यादा लोगों को माफी या राहत दी। उन्होंने उस दिन ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के साथ हुई घटनाओं को भी याद किया। ट्रम्प का Private Letter पढ़कर बाइडेन भी हुए थे हैरान इस किताब का सबसे दिलचस्प हिस्सा ट्रम्प का निजी पत्र है। यह पत्र उन्होंने जनवरी 2021 में व्हाइट हाउस छोड़ने से पहले बाइडेन के लिए लिखा था। दो पन्नों का यह हस्तलिखित पत्र व्हाइट हाउस के आधिकारिक कागज पर काले मार्कर से लिखा गया था। इसकी शुरुआत ‘To ’46’ से होती है, जो अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति जो बाइडेन के लिए था। पत्र में ट्रम्प ने बाइडेन को शुभकामनाएं देते हुए लिखा था कि उन्हें भरोसा है कि बाइडेन अमेरिकी लोगों के प्रति सच्चे रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि बाइडेन का अमेरिकी लोगों के प्रति प्यार उन्हें इतिहास में अलग पहचान दिला सकता है। बाइडेन ने इस पत्र को अप्रत्याशित और काफी उदार बताया था। खास बात यह है कि ट्रम्प ने बाइडेन के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन उनके लिए यह निजी संदेश जरूर छोड़ा था। बाइडेन ने अब अपनी किताब में इस पत्र को पूरी तरह शामिल कर दिया है। इससे दोनों नेताओं के सार्वजनिक राजनीतिक टकराव और निजी बातचीत के बीच का अंतर भी सामने आया है। 2024 चुनाव के बाद ओवल ऑफिस में क्या हुआ था? किताब में नवंबर 2024 की उस मुलाकात का भी जिक्र है, जब राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद ट्रम्प व्हाइट हाउस पहुंचे थे। बाइडेन के मुताबिक, ओवल ऑफिस में करीब दो घंटे तक चली मुलाकात के दौरान ट्रम्प का व्यवहार अपेक्षाकृत दोस्ताना था। उन्होंने लिखा कि ट्रम्प के सार्वजनिक बयानों और निजी बातचीत के अंदाज में काफी अंतर दिखाई देता था। बाइडेन ने इस अनुभव को बताते हुए लिखा कि ऐसा लगा जैसे ट्रम्प के दो अलग-अलग रूप हैं। एक तरफ सार्वजनिक मंच पर उनकी तीखी राजनीतिक बयानबाजी और दूसरी तरफ निजी बातचीत में शुभकामनाएं देने वाला व्यवहार। चुनाव से हटने के फैसले पर भी बाइडेन ने रखी अपनी बात किताब में बाइडेन ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से अपना नाम वापस लेने के फैसले पर भी विस्तार से बात की है। जून 2024 में ट्रम्प के साथ पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट के बाद बाइडेन की उम्र और चुनाव लड़ने की क्षमता को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी में सवाल उठने लगे थे। इसके बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें चुनावी दौड़ से हटने की सलाह दी। बाइडेन ने किताब में स्वीकार किया कि डिबेट में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने नैन्सी पेलोसी और चक शूमर के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया है। जुलाई 2024 में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया और कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार का समर्थन दिया। हालांकि, बाइडेन का कहना है कि वह खुद को चुनाव लड़ने के लिए सक्षम मानते थे और उन्हें भरोसा था कि वह ट्रम्प को चुनौती दे सकते थे। उन्होंने कमला हैरिस के चुनाव प्रचार की भी तारीफ की है। इजरायल और गाजा युद्ध पर भी खुलकर बोले बाइडेन बाइडेन ने अपनी किताब में इजरायल-हमास युद्ध को लेकर भी अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद इजरायल के साथ खड़े होने के फैसले पर उन्हें पछतावा नहीं है, लेकिन गाजा में आम नागरिकों की मौत और मानवीय संकट को लेकर उन्हें दुख है। उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना भी की। बाइडेन ने उनके व्यवहार में ट्रम्प जैसी कुछ राजनीतिक प्रवृत्तियां होने की बात कही है और आरोप लगाया कि नेतन्याहू ने कई मौकों पर...