मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर में डेयरी संचालक आदित्य उर्फ अज्जू की गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। आदित्य की पत्नी विनिता ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके पति से 1 लाख रुपए की मांग की थी। रकम देने से इनकार करने पर पुलिस ने उन्हें घर के पास से जबरन उठाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
आदित्य फिलहाल सिवनी जेल में बंद हैं। पुलिस की कार्रवाई को चुनौती देते हुए 19 नवंबर को हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामले में जल्द सुनवाई होने की बात कही गई है।

घर के पास से उठाकर ले जाने का आरोप
याचिका के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:10 बजे घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण झारिया पुलिस टीम के साथ आदित्य के घर पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना कोई बातचीत किए उन्हें गाड़ी में बैठा लिया और 1 लाख रुपए की मांग की। आदित्य ने रकम देने से इनकार किया तो उन्हें जबरन थाने ले जाया गया।
पुलिस ने एफआईआर में आदित्य की बाइक से गांजा बरामद होने का उल्लेख किया है। वहीं, याचिका में दावा किया गया है कि आदित्य को घर के पास से ले जाने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
अगले दिन डीवीआर लेने पहुंची पुलिस
आदित्य को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पत्नी का आरोप है कि अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को पुलिस सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने के इरादे से दोबारा मौके पर पहुंची और डीवीआर अपने साथ ले गई। हालांकि, तब तक पुलिस की कार्रवाई कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी।
एसपी से आईजी तक की शिकायत, सीएम हेल्पलाइन में भी मामला
आदित्य की पत्नी विनिता ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सिवनी एसपी से लेकर डीआईजी और आईजी तक शिकायत की है। याचिका में बताया गया है कि 17 नवंबर 2026 को एसपी को लिखित शिकायत के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी सौंपे गए थे। वहीं, 18 नवंबर को भी सीसीटीवी फुटेज दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
सुनवाई नहीं होने पर परिवार ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। याचिका में एसडीओपी रीना पांडे पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा परिजनों पर सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने का दबाव बनाने की बात भी कही गई है।
1 किलो 206 ग्राम गांजा बरामद दिखाने का आरोप
याचिका में दावा किया गया है कि रिश्वत की मांग पूरी नहीं होने पर आदित्य के खिलाफ 1 किलो 206 ग्राम गांजे की बरामदगी दिखाकर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 292/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में कार्रवाई की है।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रमोद सिंह तोमर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण झारिया, एसडीओपी रीना पांडे और संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की न्यायिक जांच और सुनवाई का इंतजार है।
6







































