समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे। यह पहला मौका है, जब अखिलेश यादव ने खुद राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करने की बात कही है। इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने जानकारी दी थी कि पूर्व मुख्यमंत्री 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। अखिलेश ने PDA का नया मतलब बताते हुए इसे ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’ कहा। उन्होंने कहा, “हमारे घर में शिव और राम दोनों हैं। चाचा शिवपाल और राम गोपाल यादव दोनों साथ हैं। अवधेश और पवन भी हमारे साथ हैं। ऐसे में भाजपा इतना घबरा क्यों रही है?” अयोध्या के संत-महंत करेंगे विरोध की तैयारी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की चर्चा के बीच संत-महंतों ने उनके विरोध की तैयारी शुरू कर दी है। संत बुधवार को मणिराम दास छावनी में बैठक करेंगे। इसमें विरोध की रणनीति तय की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता महंत कमल नयन दास शास्त्री करेंगे। अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 7 बड़ी बातें 1. खजांची 10 साल का हुआ, भाजपा पर साधा निशाना लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने नोटबंदी को ‘भ्रष्टाचार का महासागर’ बताया। उन्होंने नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे बच्चे खजांची का जिक्र करते हुए कहा कि वह आज 10 साल का हो गया है, लेकिन भाजपा ने अब तक उसका जन्मदिन नहीं मनाया। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अब खजांची को गोद ले लेना चाहिए, लेकिन वैसा नहीं, जैसा उसके नेताओं ने गांवों को गोद लिया है। उन्होंने दावा किया कि खजांची की पढ़ाई-लिखाई और देखभाल आज भी समाजवादी परिवार कर रहा है। 2. बोले- खजांची पूछता है, 2000 रुपए वाला मित्र कहां गया? अखिलेश ने 2000 रुपए के नोट को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि खजांची का जन्म और 2000 रुपए के नोट की शुरुआत एक ही समय हुई थी। उनके मुताबिक, खजांची कभी-कभी रोकर पूछता है कि उसके साथ जन्मा 2000 रुपए वाला मित्र कहां चला गया और उसे क्यों दूर कर दिया गया। 3. अब 80-20 नहीं, 95-5 की लड़ाई: अखिलेश सपा प्रमुख ने कहा कि अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं, बल्कि 95 और 5 की है। उनके मुताबिक, 95 प्रतिशत पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग एक तरफ हैं, जबकि 5 प्रतिशत शोषक दूसरी तरफ हैं। उन्होंने कहा कि जब 95 और 5 के बीच लड़ाई होगी, तो भाजपा को पता भी नहीं चलेगा कि वह कहां पहुंच गई। अखिलेश ने दावा किया कि इसी वजह से भाजपा नेताओं की भाषा और व्यवहार बदल गया है। 4. वोट कटने के दावे पर दिए दो सुझाव अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के 1.27 करोड़ वोट कटने के दावे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ अखबारों में 1.27 करोड़ रुपए का गांजा पकड़े जाने की खबर छपी, तो दूसरी तरफ 1.27 करोड़ वोट कटने की बात हो रही है। उन्होंने पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए दो सुझाव दिए। पहला, मतदाताओं को ऐसे मजबूत मेटल कार्ड दिए जाएं, जिनकी नकल या डुप्लीकेट कॉपी न बन सके। दूसरा, मतदाता सूची को आधार से जोड़ा जाए। 5. मेट्रो परियोजनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला अखिलेश ने कहा कि लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाएं सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार 10 साल में मेट्रो को 10 सेंटीमीटर भी आगे नहीं बढ़ा पाई। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों और एक्सप्रेसवे की राइडिंग क्वालिटी खराब हो गई है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। 6. बोले- 200 लीटर गोमूत्र इकट्ठा किया, DM ने लेने से मना कर दिया अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं और खाद-डीएपी की उपलब्धता को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को खाद और डीएपी तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने गोबर और गोमूत्र खरीदने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने एक दिन में 200 लीटर गोमूत्र इकट्ठा कर लिया, लेकिन लखनऊ के जिलाधिकारी ने उसे लेने से मना कर दिया। अखिलेश ने सवाल उठाया कि ऐसे में किसान क्या करे? 7. सपा नेताओं को सुरक्षा नहीं मिलने का आरोप पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को मांग के बावजूद सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने आरके चौधरी, आनंद भदौरिया और इंद्रजीत सरोज का नाम लेते हुए कहा कि सरकार के पसंदीदा लोगों को केंद्र से एनएसजी और भारी सुरक्षा दी जा रही है, जबकि सपा नेताओं की मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।