तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने शपथ के बाद अपने पहले भाषण में साफ कहा कि सरकार में कोई दूसरा पावर सेंटर नहीं होगा। जानिए उन्होंने जनता से क्या बड़े वादे किए।
चेन्नई से नई राजनीति की शुरुआत
तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। टीवीके चीफ और अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में साफ संदेश दिया कि उनकी सरकार में “कोई दूसरा Power Center नहीं होगा।”
चेन्नई में आयोजित शपथ समारोह के बाद मुख्यमंत्री विजय ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर चलेगी। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए सभी वादे चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
“वादे पूरे होंगे, लेकिन धीरे-धीरे”
अपने पहले भाषण में विजय ने जल्दबाजी से बचने का संकेत देते हुए कहा कि सरकार हर फैसले को योजनाबद्ध तरीके से लागू करेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है और उनकी सरकार उस भरोसे को टूटने नहीं देगी।
मुख्यमंत्री विजय ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार में अंतिम निर्णय उन्हीं का होगा और किसी समानांतर शक्ति केंद्र की कोई भूमिका नहीं होगी। राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को बड़ा संकेत माना जा रहा है।
सामाजिक न्याय और सेक्युलर मॉडल पर जोर
विजय ने कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के लिए काम करेगी। युवाओं, महिलाओं और गरीब तबकों को प्राथमिकता देने की बात करते हुए उन्होंने रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े सुधारों का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की पहचान सामाजिक न्याय और प्रगतिशील सोच से रही है और उनकी सरकार उसी मॉडल को आगे बढ़ाएगी।
राजनीति में नई शैली?
फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय के मुख्यमंत्री बनने को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। उनके पहले ही भाषण ने यह साफ कर दिया है कि वे अपनी सरकार पर पूरी पकड़ रखना चाहते हैं और नेतृत्व को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं छोड़ना चाहते।
