Ujjain स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक कपल द्वारा मंदिर परिसर के अंदर सगाई (Engagement) करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए इस जोड़े ने 26 मई को मंदिर के गणेश मंडपम में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और इस पल को रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला मंदिर समिति तक पहुंचा।
मंदिर प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए तुरंत वीडियो हटवाया और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई की। सुरक्षा एजेंसी पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया है।
इसके साथ ही, वीडियो में दिखाई देने वाले अटेंडर के विशेष द्वारों से प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। साथ ही संबंधित प्रोटोकॉल, पुरोहित और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है।
मंदिर समिति ने साफ कहा है कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए नियम और सख्त किए जाएंगे।
यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग धार्मिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं।
