मध्यप्रदेश के उज्जैन में सांसद Anil Firojiya गुरुवार को शहर के लंगर पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल का उपयोग जरूरत पड़ने पर ही करने की अपील की। इस दौरान सांसद खुद ई-बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचे और लोगों को ईंधन बचाने तथा वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया।
लोगों से ई-व्हीकल अपनाने की अपील
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद सांसद अनिल फिरोजिया ने यह पहल की।
देवास रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद भी ई-व्हीकल का उपयोग शुरू कर दिया है। साथ ही शाम के समय साइकिल चलाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आसपास कहीं जाना हो तो ई-व्हीकल या साइकिल का उपयोग करना चाहिए। यह केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि देशहित से भी जुड़ा विषय है।
“भारत घूमिए, विदेश यात्राएं कम कीजिए”
सांसद ने लोगों से विदेश घूमने की बजाय भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने, एक साल तक सोना खरीदने से बचने और विदेश यात्राएं कम करने का आग्रह किया है।

विदेशी मुद्रा बचाने पर दिया जोर
अनिल फिरोजिया ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और सोने का आयात डॉलर में होता है। यदि देशवासी इनकी खपत कम करेंगे तो विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश आर्थिक रूप से ज्यादा मजबूत बनेगा।
उन्होंने लोगों से ऊर्जा बचत को जनआंदोलन बनाने की अपील भी की।
👉 ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए जुड़े रहें www.deshharpal.com Portal के साथ।



