वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एक महिला समेत एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। यात्री ने विमान में ले जाने वाले हथियार की जानकारी पहले ही एयरपोर्ट अधिकारियों को दे दी थी।
हथियार की जांच के दौरान हुआ फायर
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, मानक प्रक्रिया के तहत पिस्टल की जांच की जा रही थी। इसी दौरान हथियार से एक राउंड फायर हो गया।
गोली पहले फर्श से टकराई और उसके बाद उसके छर्रे पास में मौजूद कर्मचारियों को लगे। बिहार निवासी 32 वर्षीय सुमन की जांघ में गोली लगी, जबकि सिक्योरिटी स्कैनर कर्मचारी रोहित राज के हाथ में छर्रे लगे।
दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी गोमती नीतू कादयान के मुताबिक, यात्री की पिस्टल का ऑल इंडिया परमिट है। बोर्डिंग से पहले मानक प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच की जा रही थी और इसी दौरान दुर्घटनावश फायर होने की बात सामने आई है।
घायल कर्मचारी ने बताई पूरी घटना
एयरपोर्ट कर्मचारी रोहित के अनुसार, वह सुमन के साथ हथियार की एक्स-रे जांच के लिए काउंटर पर मौजूद था। यात्री ने पिस्टल निकाली और उसमें गोली लोड थी। जांच के दौरान ट्रिगर दबने से फायर हो गया।
रोहित ने कहा कि गोली सामने खड़ी सुमन के पैर में लगी, जबकि उसके हाथ में छर्रे लगे। हालांकि, ट्रिगर जानबूझकर दबाया गया या गलती से दब गया, इसकी जानकारी वह नहीं बता सकता।
स्वतंत्रता दिवस के चलते हाई अलर्ट पर था एयरपोर्ट
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वाराणसी एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाई अलर्ट जोन घोषित किया गया था। ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कमलेश मुंबई के पूर्व पार्षद रह चुके हैं
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले कमलेश राय मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनका परिवार भी राजनीति से जुड़ा बताया गया है। कमलेश आजमगढ़ में एक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक हैं।
वह सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और धनंजय सिंह के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा कर चुके हैं।
2010 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी हुआ था ऐसा हादसा
लाइसेंसी हथियार की जांच के दौरान फायर होने का ऐसा ही मामला सितंबर 2010 में मुंबई एयरपोर्ट पर सामने आया था। इंदौर जाने वाले एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान गोली चल गई थी। गोली फर्श से टकराने के बाद टाइल का टुकड़ा महिला स्क्रीनिंग कर्मचारी को लगा था।

