देश में बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, तेल संकट और ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। मध्यप्रदेश सरकार में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री Vishvas Kailash Sarang ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने सरकारी दौरे और कार्यक्रमों में गाड़ियों के लंबे काफिले को बंद करने का ऐलान किया है।
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आवाहन केवल पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए है। उन्होंने कहा कि यदि हम देश के लिए कुछ करना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री की सलाह को अपनाना हम सभी का दायित्व है।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अब उनके साथ जरूरत से ज्यादा वाहन नहीं चलेंगे और वे खुद भी ईंधन की बचत को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल और डीजल का उपयोग कम करें।
उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी का “नया राष्ट्र निर्माण अभियान” है, जो आने वाली पीढ़ियों को विकसित और स्वावलंबी हिंदुस्तान देने की दिशा में उठाया गया कदम है।
सारंग ने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सबसे बड़े महामारी संकट से मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। अब देश आर्थिक चुनौतियों और वैश्विक संकटों के बीच आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राजनीतिक गलियारों में मंत्री सारंग के इस फैसले को प्रतीकात्मक लेकिन बड़ा संदेश माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश के अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधि भी इस तरह के कदम उठा सकते हैं।

