पश्चिम बंगाल में इतिहास रचते हुए सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले BJP मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ समारोह में PM मोदी, अमित शाह और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
Historic Bengal: सुवेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, बंगाल में पहली बार BJP सरकार
कोलकाता में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा अध्याय लिखा गया, जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम पर शपथ लेकर समारोह को भावनात्मक और ऐतिहासिक बना दिया।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने पूरे समारोह का केंद्र बना दिया। सुवेंदु अधिकारी मंच से उतरकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छुए। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस दृश्य पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा।
4 मंत्रियों ने भी ली शपथ
सुवेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के चार वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, निषिथ प्रमाणिक और अशोक शामिल रहे। माना जा रहा है कि नई सरकार बंगाल में संगठन और प्रशासन दोनों स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी में है।
समारोह में दिखा शक्ति प्रदर्शन
कोलकाता में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, NDA सहयोगी दलों के नेता और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। समारोह पूरी तरह शक्ति प्रदर्शन में बदल गया, जहां भाजपा ने बंगाल में अपनी ऐतिहासिक जीत का संदेश पूरे देश को देने की कोशिश की।
टैगोर को श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच पर टैगोर की तस्वीर के सामने प्रधानमंत्री कुछ क्षण रुके और नमन किया। भाजपा नेताओं ने इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाला संदेश बताया।
98 वर्षीय कार्यकर्ता का सम्मान बना सबसे भावुक पल
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के 98 वर्षीय कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया। मंच पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री सीधे उनके पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाई और फिर उनके पैर छुए।
यह दृश्य देखकर पूरा सभागार भावुक हो गया। माखनलाल सरकार ने प्रधानमंत्री को गले लगाया और कुछ देर तक दोनों मंच पर साथ खड़े रहे। भाजपा नेताओं ने इसे “कार्यकर्ता सम्मान” की सबसे बड़ी मिसाल बताया।

बंगाल की राजनीति में नया दौर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के साथ राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो चुकी है। लंबे समय बाद सत्ता परिवर्तन ने बंगाल की राजनीतिक दिशा बदल दी है। अब सबकी नजर नई सरकार के पहले फैसलों और प्रशासनिक रणनीति पर रहेगी।

