हरियाणा के यमुनानगर में रादौर स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स पर हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन बदमाशों के साथ मुठभेड़ की, जिसमें जवाबी फायरिंग में तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। वहीं, चौथे आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन आरोपियों के पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाशों की पहचान रवि (इंद्री निवासी), सतबीर (गन्नौर, सोनीपत निवासी) और पवन उर्फ पुन्ना के रूप में हुई है। चौथे आरोपी प्रवीण को बिना घायल हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
चारों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस पर भी की गई फायरिंग
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। इस दौरान सीआईए-2 प्रभारी राकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं पहनी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

CCTV और साइबर इनपुट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रादौर ज्वेलर्स लूटकांड की जांच में स्थानीय थाना पुलिस के साथ सीआईए-1, सीआईए-2 और साइबर टीम लगातार जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी लोकेशन ट्रेस की।
कांजनू पुल पर हुई मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कांजनू पुल के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों के पैर में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया, जबकि चौथे आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटकांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
देश और प्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com
