इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सदर बाजार थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता अनवर डकैत उर्फ अनवर कादरी को कथित फर्जी हथियार लाइसेंस मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस मामले में फरार था। उसके खिलाफ पहले से 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने एसीपी अशोक जादौन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम सदर बाजार क्षेत्र से अनवर कादरी को गिरफ्तार किया।
फर्जी आर्म्स लाइसेंस का आरोप
पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2025 में सदर बाजार थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ मारपीट की घटना के बाद अनवर कादरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह सामने आया कि जिस बंदूक का उपयोग किया जा रहा था, उसका लाइसेंस कथित रूप से फर्जी था और उसे जम्मू-कश्मीर से बनवाया गया था।
पुलिस का कहना है कि हाल ही में आरोपी एक अन्य मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था, जिसके बाद उसे इस प्रकरण में गिरफ्तार किया गया।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनवर कादरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अधिकारियों के अनुसार उसके खिलाफ कुल 27 से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पहले भी विवादों में रहा नाम
अनवर कादरी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। जून महीने में एक वीडियो वायरल होने के बाद उस पर कुछ युवकों ने गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं, इससे पहले वह कथित लव जिहाद फंडिंग मामले में भी जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुका है।
2011 में जानलेवा हमले के मामले में हुई थी सजा
वर्ष 2011 में एक जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने अनवर कादरी, उसके भाई और एक अन्य आरोपी को एक-एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। यह मामला वर्ष 2009 में इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में हुई हमले की घटना से जुड़ा था।
डकैती के मामले के बाद पड़ा ‘अनवर डकैत’ नाम
पुलिस के अनुसार वर्ष 1996 में उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले के बाद अनवर कादरी को “अनवर डकैत” के नाम से पहचान मिलने लगी। बाद के वर्षों में भी उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में कई प्रकरण दर्ज हुए।
अनवर कादरी इंदौर नगर निगम में तीन बार पार्षद रह चुका है, जबकि उसकी पत्नी भी दो बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं। वह कांग्रेस संगठन में शहर महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुका है।
फिलहाल पुलिस फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में उससे पूछताछ कर रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मध्य प्रदेश और देश की ताजा खबरों के लिए विजिट करेंdeshharpal.com


