हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन में बुजुर्ग महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक सवार बदमाश ने उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। आरोपी महिला को गांव ले जाने के बजाय सुनसान रास्ते पर गन्ने के खेतों के पास ले गया। वहां जान से मारने की धमकी देकर बालियां छीन लीं और फरार हो गया। छीना-झपटी के दौरान महिला नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बालियां और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।
बस स्टैंड पर घर छोड़ने का दिया था झांसा
भगवानपुर निवासी महिंद्रो देवी ने पुलिस को बताया कि 24 अक्टूबर को वह घरेलू सामान खरीदने बाबैन बाजार आई थीं। खरीदारी के बाद घर जाने के लिए बाबैन बस स्टैंड के सामने खड़ी थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक सवार युवक ने उन्हें भगवानपुर छोड़ने की बात कही। उसकी बातों में आकर महिला बाइक पर बैठ गईं।
आरोपी उन्हें बाबैन से बिल्ट गांव होते हुए हमीदपुर सड़क की ओर ले जाने लगा। रास्ते को लेकर महिला ने सवाल किया तो आरोपी ने सुनसान जगह पर गन्ने के खेतों के पास बाइक रोक दी।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
महिंद्रो देवी के मुताबिक, आरोपी ने उनसे कानों की बालियां उतारकर देने को कहा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और जबरन बालियां खींच लीं। इसके बाद वह बाइक लेकर फरार हो गया।
छीना-झपटी के दौरान महिला नीचे गिर गईं और उन्हें चोटें आईं। उनकी शिकायत पर थाना बाबैन में मामला दर्ज किया गया था।
CIA-1 ने आरोपी को किया गिरफ्तार
CIA-1 की टीम ने जांच के दौरान गांव छपरा निवासी अंकित उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की बालियां और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दो अन्य मामलों का भी खुलासा किया। उसके खिलाफ शाहाबाद थाने में पहले से छीना-झपटी के दो मामले दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पहले भी बुजुर्ग महिलाओं को बनाया था निशाना
जिले में इससे पहले भी बुजुर्ग महिलाओं से सोने की बालियां छीनने की दो वारदात सामने आई थीं।
- 20 अक्टूबर: 80 वर्षीय नानकी देवी को बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने खेतों में ले जाया गया था। वहां उनकी सोने की बालियां छीन ली गई थीं।
- 6 अक्टूबर: मद्दीपुर गांव में सुनार की दुकान किराए पर लेने के बहाने पहुंचे आरोपी ने महिंद्रो देवी से डिजाइन देखने के नाम पर बालियां उतरवा ली थीं।
इन घटनाओं के बाद पुलिस ने मामलों की जांच तेज की। बाबैन की वारदात में अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ छीनी गई बालियां भी बरामद कर ली गई हैं।

