बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी स्थित अग्रवाल स्ट्रक्चर फैक्ट्री में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एचपी लोडर की चपेट में आने से 39 वर्षीय कर्मचारी राकेश लहरे की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान हरदी भाठा निवासी राकेश लहरे पिता कुंवरलाल लहरे के रूप में हुई है। वह अग्रवाल स्ट्रक्चर फैक्ट्री में काम करता था।
कोयला डंप कराने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच राकेश फैक्ट्री परिसर में एचपी लोडर से कोयला डंप कराने का काम देख रहा था। काम बताने के बाद वह लोडर से कुछ दूरी पर पीछे हटकर खड़ा हो गया।
इसी दौरान चालक ने लोडर को पीछे किया। बताया जा रहा है कि पीछे खड़े राकेश की नजर लोडर की तरफ नहीं गई और वह वाहन की चपेट में आ गया। लोडर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हादसे के बाद फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल राकेश को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोडर चालक की भूमिका की भी जांच
पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के दौरान लोडर चालक की भूमिका और हादसे के समय वाहन को पीछे करने की स्थिति समेत अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
