बिलासपुर में त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में बिक रही मिलावटी और घटिया मिठाइयों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को विभाग की संयुक्त टीम ने शहर और आसपास के इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान बिना पंजीयन के बताशा बनाने और बूंदी की मिठाई में अखाद्य रंग का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया। टीम ने चांटीडीह के मेलापारा में 110 किलो बताशा और चकरभाठा में 22 किलो बूंदी मौके पर ही नष्ट करा दी। वहीं, बिना वैध पंजीयन के संचालित बताशा निर्माण इकाई को तत्काल बंद करा दिया गया।
गंदगी के बीच तैयार हो रहे थे बताशे
खाद्य विभाग की टीम ने चांटीडीह के मेलापारा स्थित वीर जायसवाल के बताशा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां अस्वच्छ वातावरण और गंदगी के बीच बताशे तैयार किए जा रहे थे। इसके अलावा निर्माण इकाई का खाद्य विभाग में पंजीयन भी नहीं कराया गया था। अधिकारियों ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए मौके पर मौजूद 110 किलो बताशे नष्ट करा दिए और निर्माण इकाई को तत्काल बंद करा दिया।
चकरभाठा में बूंदी बनाने में मिला अखाद्य रंग
टीम ने चकरभाठा स्थित उधमदास खेमचंद मिठाई वाला प्रतिष्ठान के किचन की भी जांच की। यहां बूंदी तैयार करने के लिए नॉन फूड ग्रेड कलर यानी अखाद्य रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों में इस तरह के रंग का उपयोग स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही 22 किलो बूंदी नष्ट करा दी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, फिर भी नियमों की अनदेखी
खाद्य विभाग इससे पहले भी चांटीडीह और शनिचरी इलाके में बताशा दुकानों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी जारी थी। बुधवार की कार्रवाई में चिंगराजपारा स्थित एक अन्य बताशा निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया गया, हालांकि टीम के पहुंचने के समय वहां उत्पादन बंद मिला।
सैंपल जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान संदिग्ध प्रतिष्ठानों से बेसन के लड्डू और बताशे के नमूने भी लिए गए। इन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी व प्रतीक तिवारी सहित विभागीय टीम शामिल रही।
