भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को जापान के सानो शहर में टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले बारिश और तूफानी मौसम के कारण भारतीय टीम अभ्यास नहीं कर सकी।
यह मुकाबला तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा। टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे।
मौसम खराब होने से भारतीय टीम की प्रैक्टिस रद्द
भारतीय टीम मैच से पहले जापान पहुंच चुकी है। हालांकि, खराब मौसम के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास का मौका नहीं मिला।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम को जापान की परिस्थितियों और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन खिलाड़ी मुकाबले के लिए तैयार हैं।
जापान के लोगों के व्यवहार से प्रभावित हुए अय्यर
BCCI की ओर से जारी वीडियो में श्रेयस अय्यर ने जापान में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जापान के लोगों को मिलनसार, उदार और मददगार बताया।
अय्यर ने कहा कि जापान में उनका अनुभव अब तक बेहद खूबसूरत रहा है। उन्होंने यहां के आतिथ्य की भी तारीफ की और बताया कि वह जापान और टोक्यो को और करीब से देखने के लिए उत्साहित हैं।
पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगा भारत
श्रेयस अय्यर ने जापान के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगी और परिस्थितियों तथा विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद टीम एक शानदार मुकाबला खेलने के लिए तैयार है।
‘स्पोर्ट 75’ पहल की होगी शुरुआत
भारत-जापान संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल की शुरुआत का हिस्सा होगा। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना है।
बताया गया कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच शिखर वार्ता के दौरान इस पहल पर सहमति बनी थी। इसमें भारत के 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लक्ष्य को भी ध्यान में रखा गया है।
जापान T20 इंटरनेशनल और एशियन गेम्स के लिए भारत की टीम
- श्रेयस अय्यर (कप्तान)
- अभिषेक शर्मा
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- ईशान किशन (विकेटकीपर)
- शिवम दुबे
- तिलक वर्मा (उपकप्तान)
- अक्षर पटेल
- वॉशिंगटन सुंदर
- रवि बिश्नोई
- जसप्रीत बुमराह
- अर्शदीप सिंह
- वैभव सूर्यवंशी
- यश ठाकुर
- विप्रज निगम
