मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होगा। प्रदेश पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इसमें करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। टूर्नामेंट के मुकाबलों का लाइव प्रसारण दुनिया के 166 देशों में किया जाएगा।
बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग टीटी नगर स्टेडियम में प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो का अनावरण करेंगे और ट्रॉफी टूर की शुरुआत करेंगे। वहीं, 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे।
फ्लड लाइट में होंगे डे-नाइट मुकाबले
करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल से ट्रॉफी टूर भी शुरू किया जाएगा। यह टूर मध्य प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा।
हॉकी के साथ दुनिया देखेगी जनजातीय संस्कृति
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान खेल के साथ मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। इसके लिए आयोजन परिसर में विशेष ट्राइबल फूड और आर्ट स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोककलाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
आयोजन से प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंटर, 22 एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास
खेल मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक, प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जबकि 7 नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है।
मंत्री ने भोपाल को हॉकी की नर्सरी बताते हुए कहा कि प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।
महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जीते 177 पदक
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य सहित 141 पदक हासिल किए हैं।
प्रदेश की तीन महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की सात महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
सलीमा टेटे संभालेंगी भारतीय टीम की कप्तानी
एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के लिए हॉकी इंडिया ने मंगलवार को भारतीय महिला टीम की घोषणा की। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
जापान में पिछले महीने हुए एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी। घरेलू मैदान पर खेलने वाली भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होगी।









































