भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के फैन हैं। हाल ही में वह पहली बार लाइव फुटबॉल मैच देखने के लिए मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम पहुंचे। जियोस्टार से बातचीत में रिंकू ने फुटबॉल के प्रति अपनी दिलचस्पी और पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में बताया।
नीतीश राणा ने फुटबॉल से जोड़ा
रिंकू सिंह ने बताया कि क्रिकेटर नीतीश राणा की वजह से उनकी फुटबॉल में रुचि बढ़ी। उन्होंने कहा कि वह नीतीश के साथ समय बिताते थे और उन्हें फुटबॉल मैच देखते हुए इस खेल को समझने का मौका मिला।
रिंकू के मुताबिक, नीतीश राणा फुटबॉल देखते थे और उनके साथ रहते-रहते रिंकू की भी इस खेल में दिलचस्पी बढ़ने लगी।
मैनचेस्टर सिटी के मैच को किया याद
रिंकू सिंह ने मैनचेस्टर सिटी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के बीच खेले गए मुकाबले को याद करते हुए कहा कि टीवी पर मैच देखने और स्टेडियम में लाइव मैच देखने का अनुभव बिल्कुल अलग होता है।
उन्होंने बताया कि उस मुकाबले के दौरान उन्होंने मैनचेस्टर सिटी को भी सपोर्ट किया था, क्योंकि उस समय यूनाइटेड अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थी, जबकि सिटी बेहतर खेल रही थी।
मार्कस रैशफोर्ड हैं रिंकू के पसंदीदा खिलाड़ी
रिंकू सिंह ने मार्कस रैशफोर्ड को अपना पसंदीदा फुटबॉल खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि वह रैशफोर्ड को काफी फॉलो करते हैं।
इसके अलावा, रिंकू को मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस का मैदान पर शांत रहने वाला अंदाज भी पसंद है।
20 सितंबर को फुलहम से भिड़ेगी मैनचेस्टर यूनाइटेड
मैनचेस्टर यूनाइटेड का अगला मुकाबला प्रीमियर लीग के 2026-27 सीजन में फुलहम के खिलाफ 20 सितंबर को होगा। यह मैच रात 9 बजे से जियोस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर लाइव देखा जा सकेगा।
क्या KKR के कप्तान बन सकते हैं रिंकू सिंह?
आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करने वाले अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद KKR को नए कप्तान की तलाश है।
रिंकू सिंह का नाम संभावित कप्तानों में चर्चा में है। वह 2018 से कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं। हालांकि, टीम की कप्तानी को लेकर फ्रेंचाइजी की ओर से अंतिम घोषणा का इंतजार है।


