गुजरात के सूरत में एक चलती लग्जरी बस से तीन साल का बच्चा सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि बस की रफ्तार कम थी और चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी। बच्चा किसी दूसरे वाहन की चपेट में आने से बच गया। हादसे में उसे मामूली चोटें आईं। घटना 7 नवंबर की है, जिसका बस में लगे CCTV कैमरे का फुटेज अब सामने आया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मां फोन पर बात करती रही, बच्चा पहुंचा ड्राइवर केबिन तक
जानकारी के मुताबिक, एक प्राइवेट लग्जरी बस सौराष्ट्र के राजकोट से सूरत जा रही थी। बस में एक महिला अपने तीन साल के बेटे और आठ साल की बेटी के साथ सफर कर रही थी।
यात्रा के दौरान महिला मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त थी। इसी बीच बच्चा खेलते-खेलते एक सीट से दूसरी सीट पर होते हुए ड्राइवर के केबिन तक पहुंच गया।
चालक की नजर बच्चे पर पड़ी तो उसने उसे पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया और जोर-जोर से आवाज लगाई। हालांकि, एक हाथ से स्टीयरिंग संभालने के कारण वह बच्चे तक नहीं पहुंच सका। बस में मौजूद किसी यात्री ने भी उसकी आवाज पर ध्यान नहीं दिया।
दो सेकंड में बस से नीचे गिर गया बच्चा
ड्राइवर के हाथ बढ़ाने के करीब दो सेकंड बाद बच्चा दरवाजे के पास वाली सीट से संतुलन खो बैठा और चलती बस से सड़क पर गिर गया।
उस समय बस सूरत के किम इलाके से गुजर रही थी। ट्रैफिक के कारण बस की रफ्तार कम थी। बच्चे को गिरता देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया और बस रोककर यात्रियों को आवाज दी।
बस रुकते ही मां नीचे उतरी और बच्चे को उठाकर वापस बस में ले आई।
पीछे आ रही कार में मौजूद डॉक्टर ने की जांच
खुशकिस्मती से बच्चा सड़क पर गिरने के बाद किसी दूसरे वाहन की चपेट में नहीं आया। इसी दौरान बस के पीछे आ रही एक कार में मौजूद डॉक्टर ने बच्चे की जांच की।
प्रारंभिक जांच में बच्चा स्वस्थ पाया गया। उसे केवल मामूली चोटें आई थीं। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद ड्राइवर की तत्परता की चर्चा हो रही है।










































