छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में पढ़ने वाले करीब 1.40 लाख विद्यार्थियों के लिए 60 घंटे की इंटर्नशिप अनिवार्य की जाएगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग रोडमैप तैयार करेगा। विद्यार्थियों को इंडस्ट्री, कॉर्पोरेट कंपनियों, एजुकेशनल प्रोजेक्ट्स और कम्युनिटी ऑर्गनाइजेशन में इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें पढ़ाई के साथ काम का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। इंटर्नशिप पूरी करने पर विद्यार्थियों को दो क्रेडिट दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत तैयार इंटर्नशिप ऑपरेशन पॉलिसी-2026 को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। इसके क्रियान्वयन के लिए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में इंटर्नशिप पॉलिसी, कॉलेजों में सुविधाओं और खाली पदों पर भर्ती की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।
30 कॉलेज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में होंगे विकसित
प्रदेश के 30 कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें आधुनिक लैब, एडवांस लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यार्थियों के स्किल डेवलपमेंट, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके लिए बजट में प्रत्येक कॉलेज को आधुनिक उपकरण, मशीन, सामग्री और कॉन्फ्रेंस के लिए 3 करोड़ रुपए देने का प्रावधान किया गया है।
1295 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी
सरकारी कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए कुल 1295 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। इनमें प्रोफेसर के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में चल रही है।
इसके अलावा 15 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 625 पद, लाइब्रेरियन के 50 और स्पोर्ट्स ऑफिसर के 25 पदों सहित कुल 700 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।
दिसंबर में 143 असिस्टेंट प्रोफेसर्स के प्रमोशन की तैयारी
अब तक 362 असिस्टेंट प्रोफेसर्स को प्रमोशन देकर प्रोफेसर बनाया जा चुका है। दिसंबर में 143 पात्र असिस्टेंट प्रोफेसर्स के प्रमोशन का प्रस्ताव भेजने की तैयारी है।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उच्च शिक्षा संस्थानों को ज्ञान, रिसर्च, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने इंटर्नशिप, अंग्रेजी कम्युनिकेशन स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग और डिजिटल सेवाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।









































