बिलासपुर। दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग और मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलासपुर की तीन मिठाई दुकानों से मावा, कुंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
इन तीन दुकानों से लिए गए सैंपल
विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन के मुताबिक, जांच के दौरान बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से मावा का नमूना लिया गया। वहीं, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कुंदा और बेसन लड्डू के सैंपल लिए गए। श्री बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया गया है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कराई जाएगी। यदि जांच में कोई खाद्य पदार्थ अमानक पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। दीपावली के मद्देनजर मिठाइयों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा रही है।
मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से मिठाई खरीदते समय कुछ सावधानियां बरतने की अपील की है।
- पैकिंग और लेबल देखें: पैक मिठाई खरीदते समय पैकेट की स्थिति, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और निर्माता की जानकारी जांचें।
- साफ-सफाई पर ध्यान दें: खुली मिठाइयां खरीदते समय दुकान और मिठाई रखने की जगह की स्वच्छता देखें।
- बिल जरूर लें: खरीदारी का बिल संभालकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर शिकायत की जा सके।
- संदेह होने पर शिकायत करें: मिठाई की गुणवत्ता या स्वच्छता को लेकर संदेह हो तो खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।
फिलहाल तीनों दुकानों से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही उनकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।







































