मध्य प्रदेश के देवास में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने दो आरोपियों को जमानत दे दी है। इस हादसे में 12 मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जस्टिस आलोक अवस्थी ने आरोपी मुकेश विज और अनिल मालवीय की ओर से पेश अपील स्वीकार करते हुए जिला अदालत के जमानत खारिज करने वाले आदेश को निरस्त कर दिया। दोनों आरोपी 17 मई 2026 से जेल में बंद थे।
हाईकोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति का फैक्ट्री में मालिक, फाइनेंसर, मैनेजर या पार्टनर होना अपने आप में उसकी आपराधिक जिम्मेदारी तय करने के लिए पर्याप्त नहीं है। अभियोजन पक्ष को यह साबित करना होगा कि संबंधित व्यक्ति की अपराध में व्यक्तिगत भूमिका क्या थी और उसने कौन-सा आपराधिक कृत्य किया।
14 मई को हुआ था भीषण विस्फोट
देवास जिले में 14 मई 2026 को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में 12 मजदूरों की जान चली गई थी, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जांच के दौरान फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने, जरूरी एनओसी और लाइसेंस संबंधी शर्तों का पालन नहीं करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने की बात सामने आई थी।
मुकेश विज और अनिल मालवीय पर क्या थे आरोप?
जांच में मुकेश विज पर फैक्ट्री के वित्तीय नियंत्रण और साझेदारी की भूमिका होने का आरोप लगाया गया था। वहीं, अनिल मालवीय पर फैक्ट्री के संचालन की जिम्मेदारी होने की बात कही गई थी।
सुनवाई के दौरान शासन की ओर से दलील दी गई कि दोनों आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और फैक्ट्री में उनकी भूमिका से घटना की जानकारी और साझा मंशा जाहिर होती है।
इसके विपरीत, बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि हादसे में हुई मौतों के लिए दोनों आरोपियों का कोई विशिष्ट आपराधिक कृत्य सामने नहीं आया है। चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है, इसलिए उनकी हिरासत जारी रखने का कोई औचित्य नहीं है।
हादसा गंभीर, लेकिन केवल आरोपों के आधार पर लंबी हिरासत उचित नहीं
हाईकोर्ट ने हादसे को गंभीर और दुखद बताते हुए कहा कि यदि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो इस घटना को टाला जा सकता था। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल आरोपों की गंभीरता के आधार पर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक हिरासत में रखना उचित नहीं है।
कोर्ट ने यह भी साफ किया कि आरोपियों को जमानत मिलने का अर्थ पटाखा निर्माण या विस्फोटक सामग्री के भंडारण की गतिविधियां दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं है।









































