महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया। ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद कोर्ट ने उसे 10 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी, जबकि ED ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की थी। हिमांशु पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। हालांकि, हिमांशु ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ से कोई पैसा नहीं लिया और ED के पास इस कथित लेन-देन का कोई सबूत नहीं है। बचाव पक्ष बोला- सौरभ से कोई आर्थिक लेन-देन नहीं हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में दलील दी कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप को साबित करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत पेश नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है। जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा मांगी कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। उसने इस संबंध में कोर्ट में आवेदन भी दिया। कोर्ट ने जेलर को जेल नियमों के अनुसार उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया। केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ लेने का आरोप ED के मुताबिक, हिमांशु ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भरोसा दिलाया था कि वह जजों और अधिकारियों को मैनेज कर उसका केस रफा-दफा करवा सकता है। इसके बदले कथित तौर पर 15 करोड़ रुपए लिए गए। एजेंसी इस लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। ED को सौरभ से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ED ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ की थी। लॉयर से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर हिमांशु शेखर उद्यमी, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक भी हैं। उन्होंने अपनी पूर्व साझेदार मनप्रीत कौर के साथ कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया और बाद में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। वह OSM Records के अलावा Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़े रहे हैं। ED के आवेदन में दी गई जानकारी के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु की 75% हिस्सेदारी थी। कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। ED ने कंपनी की इस आर्थिक वृद्धि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है। सौरभ ने पूछताछ में 15 करोड़ देने की बात कही ED ने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था, जहां उसकी सौरभ से मुलाकात हुई थी। 5 महीने तक हर महीने 60 करोड़ देने का भी जिक्र सौरभ के बयान के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु ने कई किस्तों में बड़ी रकम ली थी। कथित तौर पर उसने यह भरोसा दिलाया था कि पैसा भारत में वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। सौरभ ने दावा किया कि रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद दी गई। कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई थी। ED ने 21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। एजेंसी की अर्जी के मुताबिक, पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे कुछ नोट मिले। इनमें ‘Mumbai Hawala Raju Bhai’, ‘Wasem’ और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से जुड़े उल्लेख थे। एक अन्य नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपए के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपए देने का हिसाब लिखा होने की बात सामने आई। इसमें ‘7 months plan’ का भी जिक्र था। ED इन नोट्स में दर्ज राजू या राजू भाई की पहचान और कथित हवाला नेटवर्क की जांच कर रही है। कंपनी का राजस्व 52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़ हुआ ED ने कोर्ट में हिमांशु की कंपनी Yesya Media के वित्तीय रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया। एजेंसी के अनुसार, 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपए था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी ने 2025 में लैंड रोवर रेंज रोवर और महिंद्रा थार के लिए लोन भी लिया था। ED की अर्जी में हिमांशु के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 के दौरान 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने वाले मैसेज का भी जिक्र है। इसके अलावा 9 नवंबर को उसके ICICI बैंक खाते में करीब 2.08 करोड़ रुपए बैलेंस होने की बात कही गई है। एजेंसी इन रकमों के स्रोत की जांच कर रही है। हिमांशु ने 65 लाख रुपए को बताया प्रोफेशनल फीस ED की पूछताछ में हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर के साथ दुबई के विला नंबर 45 में मुलाकात की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने इस बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई। हिमांशु ने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताया। उसके मुताबिक, वसीम कुरैशी से 25 लाख और महादेव ऐप के प्रमोटर्स से 40 लाख रुपए बैंक खाते के जरिए मिले थे। वहीं, ED का कहना है कि हिमांशु 15 करोड़ रुपए और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों का संतोषजनक हिसाब नहीं दे सका है।