छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तलाक के एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि पति की नशे की लत, गाली-गलौज और मारपीट से परेशान होकर पत्नी का अलग रहना उसके प्रति क्रूरता नहीं माना जा सकता। यदि किसी पति या पत्नी को दूसरे के व्यवहार और प्रताड़ना के कारण अलग रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है, तो इसे तलाक का आधार नहीं बनाया जा सकता।
जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने ही गलत आचरण का लाभ उठाकर कानूनी राहत नहीं मांग सकता। इसी आधार पर कोर्ट ने महासमुंद फैमिली कोर्ट की ओर से दिए गए तलाक के आदेश को निरस्त कर दिया।
पति ने क्रूरता और परित्याग को बनाया था आधार
मामले के अनुसार, महासमुंद निवासी दंपती की शादी 18 अप्रैल 2018 को हुई थी। उनका एक बेटा है, जो अपनी मां के साथ रह रहा है।
पति ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के तहत फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। उसका आरोप था कि शादी के कुछ महीने बाद ही पत्नी अलग रहने का दबाव बनाने लगी थी और उसके माता-पिता से विवाद करती थी।
पति के मुताबिक, पत्नी सितंबर 2022 से बेटे के साथ मायके में रह रही थी। परिवार और समाज के लोगों की समझाइश के बावजूद वह ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई। पति ने इसे क्रूरता और परित्याग का आधार बताया था। महासमुंद फैमिली कोर्ट ने 27 नवंबर 2024 को पति के पक्ष में तलाक की डिक्री जारी की थी।
पत्नी ने कहा- मारपीट से सिर में लगे थे आठ टांके
फैमिली कोर्ट के फैसले को पत्नी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। उसने बताया कि शादी के बाद उसे पता चला कि पति शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता है। नशे की हालत में वह गाली-गलौज और मारपीट करता था। पत्नी ने दहेज में कार मांगने का आरोप भी लगाया।
पत्नी के अनुसार, अक्टूबर 2018 में पति ने नशे की हालत में उसके सिर पर हमला किया था, जिससे गंभीर चोट आई और आठ टांके लगाने पड़े। उसने कोर्ट को बताया कि यदि पति अपना व्यवहार और आदतें सुधार ले तो वह उसके साथ रहने के लिए तैयार है।
गर्भावस्था में भी मारपीट का आरोप
पत्नी ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उसे उचित देखभाल और इलाज नहीं मिला। इसके बाद भी पति के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। अक्टूबर 2020 में मारपीट के बाद उसने 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी थी।
इस मामले में जामुल थाने में IPC की धारा 294, 323 और 506 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पत्नी का आरोप था कि समझौते के बाद भी पति की आदतें नहीं बदलीं और 7 अगस्त 2022 को दोबारा मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 में क्या है प्रावधान?
हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(ia) में क्रूरता और धारा 13(1)(ib) में परित्याग को तलाक का आधार बताया गया है।
- क्रूरता: इसे साबित करने के लिए यह दिखाना जरूरी है कि पति या पत्नी के व्यवहार से दूसरे को शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना हुई है। सामान्य घरेलू विवाद अपने आप में क्रूरता नहीं माना जाता।
- परित्याग: इसके लिए यह साबित करना होता है कि पति या पत्नी ने बिना उचित कारण और दूसरे की सहमति के वैवाहिक जीवन छोड़ दिया है। इसके साथ कम से कम दो साल तक लगातार अलग रहने और वैवाहिक संबंध खत्म करने की मंशा भी साबित करनी होती है।





































