इंदौर में शनिवार से सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले शुरू हो गए हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मैच खेले जा रहे हैं। इनमें बिहार और सौराष्ट्र के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर दर्शकों में खास उत्साह है।
बिहार की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 31 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। टीम के कप्तान और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें खेलते देखने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में उत्साहित थे। मैच देखने के लिए दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है।
पहले दिन दो मैदानों पर चार मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मैच आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार और सौराष्ट्र के अलावा रेलवे और तमिलनाडु तथा पंजाब और हरियाणा की टीमें भी आमने-सामने हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के बीच मुकाबला शाम 4:30 बजे खेला जाना है।
गुरुवार को टीमों ने किया जमकर अभ्यास
टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत गुरुवार को सभी टीमों ने अलग-अलग सत्रों में अभ्यास किया। बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने डेली कॉलेज मैदान पर नेट्स में बल्लेबाजी की।
वहीं, जम्मू-कश्मीर की टीम से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक होलकर स्टेडियम में गेंदबाजी का अभ्यास करते नजर आए। पंजाब, हरियाणा, सौराष्ट्र, रेलवे, तमिलनाडु, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने भी मैदान पर पसीना बहाया।
उमरान मलिक की रफ्तार और अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर नजर
जम्मू-कश्मीर की ओर से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले उमरान को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हैं।
इसके अलावा पंजाब के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन पर भी दर्शकों की नजरें रहेंगी।
