हरियाणा के फरीदाबाद में 17 वर्षीय 12वीं के छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। घटना डबुआ थाना क्षेत्र के पाली गांव की है, जहां छात्र ने कथित तौर पर देसी कट्टे से खुद को गोली मार ली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाथरूम में खून से लथपथ मिला छात्र
मृतक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा ओपन स्कूल से 12वीं की पढ़ाई कर रहा था और कोचिंग भी जाता था। बुधवार शाम करीब 5 बजे उसकी मां और बड़ा भाई घेर में गए थे। उस समय छात्र घर पर अकेला था।
शाम करीब 6 बजे बड़ा भाई घर लौटा तो उसे छोटा भाई दिखाई नहीं दिया। तलाश करते हुए वह तीसरी मंजिल पर पहुंचा। वहां खिड़की से बाथरूम में झांककर देखा तो छात्र खून से लथपथ पड़ा था।
उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद गैलरी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर देखा गया। बाथरूम में छात्र के पास एक देसी कट्टा पड़ा मिला।
पुलिस ने दर्ज किया आर्म्स एक्ट का केस
घटना की सूचना मिलने पर पाली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और एफएसएल व क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच के लिए बुलाया।
मृतक के पिता ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कट्टा कहां से आया, इसकी जांच जारी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के पास देसी कट्टा कहां से आया और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।









































